इंदौर में क्वारेंटाइन युवक भागा रात 3:30 बजे जेपी अस्पताल पहुंचा, रिपोर्ट पॉजिटिव आई

सोमवार सुबह बाइक से इंदौर से भोपाल आकर एम्स में भर्ती हुए सिद्धार्थ श्रीवास्तव की कोरोना जांच रिपाेर्ट पॉजिटिव अाई है। वह 22 मार्च को अमेरिका से भारत आया था। उसे दो दिन मुंबई और पांच दिन इंदौर में क्वारेंटाइन में रखा गया था। सिद्धार्थ के पिता प्रदीप श्रीवास्तव सरकारी सेवा से रिटायर हैं। वे शहडोल में रहते हैं। उनका अवधपुरी में भी एक मकान है।


देहरादून में रहने वाले सिद्धार्थ के एक भाई ध्रुव ने पुलिस को बताया कि 22 मार्च को मुंबई एयरपोर्ट पर सिद्दार्त का टेस्ट हुआ था। जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। उसे मुंबई में दो दिन क्वारेंटाइन में रखा गया था। वह 24 मार्च को फ्लाइट से इंदौर आ गया था। इंदौर एयरपोर्ट पर चेकअप में भी उसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। इसके बाद सिद्धार्थ को इंदौर के एक सेंटर में ही क्वारेंटाइन किया गया था। बताया गया है कि 29 मार्च की रात वह क्वारेंटाइन से चोरी-छिपे गायब हो गया और एक दोस्त की बाइक लेकर भोपाल की ओर निकल गया।



रास्ते में उसने ध्रुव को फोन लगाया और बताया कि उसे बुखार आ रहा है। इसके बाद ध्रुव ने उसे अस्पताल पहुंचने की सलाह दी। देर रात लगभग साढ़े तीन बजे सिद्धार्थ जेपी अस्पताल पहुंचा था। जहां उसका चेकअप हुआ और सुबह करीब सात बजे उसे एम्स में भर्ती कराया गया। कोरोना के लक्षण देखते हुए एम्स में उसके सैंपल लिए गए थे। मंगलवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एएसपी संजय साहू का कहना है कि अवधपुरी स्थित बीडीए कालोनी में सिद्धार्थ के घर ताला लगा हुआ है। वह भोपाल अपने घर खुद को क्वारेंटाइन करने आया था। इंदौर जिला प्रशासन से सिद्धार्थ के संबंध में जानकारी इकट्ठा की जा रही है।