इंदौर-उज्जैन में संक्रमित मिलने के बाद कर्फ्यू, नवरात्रि के पहले दिन मैहर शक्तिपीठ का दरबार सूना

मध्य प्रदेश में बुधवार को इंदौर और उज्जैन में भी कोरोनावायरस के संक्रमित मरीज मिले। इसके बाद दोनों जगहों पर कर्फ्यू लगा दिया गया। इससे पहले जबलपुर, भोपाल, ग्वालियर और शिवपुरी में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद प्रशासन ने शहर में कर्फ्यू लगाया था। बुधवार को सुबह से दूध और राशन खरीदने के लिए लोग सड़कों पर निकले। 9 बजे के बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाई और सभी को घर भेजा। मध्य प्रदेश में अब तक 15 कोरोना संक्रमित मिले हैं। 


सतना जिले का मैहर शक्तिपीठ बुधवार सुबह चैत्र नवरात्रि के पहले दिन भक्तों से सूना रहा। आम दिनों में यहां हजारों लोग पहुंचते हैं। कलेक्टर ने मंदिर को पहले ही 31 मार्च तक बंद करने के आदेश दिए थे। अब 21 दिन का लॉकडाउन होने के बाद आगे भी मंदिर के पट बंद रहेंगे। इधर, भोपाल में मिली कोरोना पॉजिटव युवती के संपर्क में भिंड का एक युवक 2 दिन तक रहा। इसके बाद वह भिंड लौट आया। यहां वह घर से बाहर नहीं निकल रहा था। उसने यह बात अपने दोस्तों को बताई। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया और अस्पताल में भर्ती कराया है। सागर में एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसमें व्यक्ति की मौत पर अंतिम यात्रा में लोग सैनिटाइजर लेकर जा रहे हैं। अंतिम यात्रा में लोग शामिल नहीं हुए, केवल परिजन ही अर्थी लेकर श्मशान घाट पहुंचे।